Home / डिण्‍डौरी ख़ास / कलेक्टर और एसपी ने छोटे-छोटे फुटपाथ दुकानदारों से खरीदी पूजा सामग्री

कलेक्टर और एसपी ने छोटे-छोटे फुटपाथ दुकानदारों से खरीदी पूजा सामग्री

डिण्‍डौरी। दीपावली के त्यौहार को लेकर रविवार को कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया और पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह ने नगर के मुख्य बाजार का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क किनारे बैठे छोटे-छोटे फुटपाथ दुकानदारों से पूजा की सामग्री खरीदी और सभी को स्वदेशी उत्पाद अपनाने व सुरक्षित दीपावली मनाने का संदेश दिया। कलेक्टर ने भारत माता चौक में ग्राम शाहपुर से आई सोना प्रजापति से दिए खरीदे, मंगू बर्मन से गुल्लक, ओमप्रकाश निवासी टकरा मोहल्ला से झाड़ू तथा बस स्टैंड रोड पर बैठे राजा कुशवाहा से सिंघाड़े खरीदे। वहीं हरवा बिलासपुर (अनूपपुर) से आई तुलसा बाई से रूई, दिया-बाती एवं पूजा सामग्री खरीदी। कलेक्टर ने कहा कि त्योहार की खुशियां तभी सार्थक होंगी जब हम स्वदेशी उत्पादों को अपनाएंगे। विदेशी कंपनियों के उत्पाद न खरीदें, बल्कि अपने स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए गए सामान खरीदें ताकि उनके घरों में भी दीपावली की खुशियां पहुंचें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह ने भी फुटपाथ दुकानदारों से पूजा सामग्री खरीदी और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान एसडीएम डिण्‍डौरी भारती मेरावी, एसडीओपी सतीश द्विवेदी, तहसीलदार आरपी मार्को, निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नागपुरे सहित राजस्व और पुलिस अमला मौजूद रहा।

जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

एसपी वाहिनी सिंह ने बताया कि दीपावली पर्व के दौरान जिले के सभी थानों और चौकियों को गश्त बढ़ाने तथा बाजार क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा ताकि नागरिक सुरक्षित वातावरण में पर्व मना सकें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Cricket Live Scores

Today Weather Report

DINDORI WEATHER