डिण्डौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 9 नवंबर 2025 को जनजाति कल्याण केन्द्र बरगांव में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य एवं दिव्यांगजन शिविर तथा 1 नवंबर को मनाए जाने वाले मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, नगर परिषद, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, शिक्षा, जन अभियान परिषद, नेहरू युवा केन्द्र, कृषि, म.प्र. ग्रामीण आजीविका मिशन, जनपद पंचायत तथा जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने निर्देश दिए कि आने वाले स्वास्थ्य शिविर में आम जनता को शासकीय योजनाओं से अधिकतम लाभ एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। कलेक्टर ने बताया कि इस विशाल स्वास्थ्य शिविर में सभी विभाग अपनी-अपनी विभागीय गतिविधियों की प्रदर्शनी भी लगाएंगे, जिससे ग्रामीण अंचलों के नागरिक शासन की योजनाओं से सीधे जुड़ सकें। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में शामिल होकर लाभ प्राप्त करें। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के आयोजन को लेकर कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की संपूर्ण तैयारियां समय पर पूरी करें तथा सभी शासकीय भवनों में आकर्षक रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का निराकरण 31 तक अनिवार्य हो निराकरण
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि 100 दिवस या उससे अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का निराकरण 31 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिले में लगभग 1500 छात्रवृत्ति प्रकरण लंबित हैं, जिनका निराकरण शीघ्र किया जाए। उन्होंने आदेश दिया कि 2 दिवस के भीतर सभी प्रकरण तैयार कर मेरे हस्ताक्षर के पश्चात स्वयं भोपाल जाकर निराकरण करवाएं ताकि छात्र-छात्राओं को शीघ्र छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके। बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, एसडीएम डिण्डौरी भारती मेरावी, तहसीलदार, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग राजेन्द्र कुमार जाटव, सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं अन्य एसडीएम एवं जनपद सीईओ अपने-अपने मुख्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में सुनिश्चित की गई।
5 दिवसीय दिव्यांगजन एवं वृद्धजन परीक्षण शिविर का होगा आयोजन
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एएलआईएमसीओ) जबलपुर द्वारा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के समन्वय से जिले में 5 दिवसीय उपकरण चिन्हांकन एवं परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य एडिप योजना के तहत दिव्यांगजन तथा वयोश्री योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराना है। शिविरों का आयोजन विकासखंड स्तर पर निम्नानुसार किया जाएगा। 27 अक्टूबर 2025 को विकासखंड करंजिया, 28 अक्टूबर समनापुर, 29 अक्टूबर डिण्डौरी, 30 अक्टूबर शहपुरा एवं 31 अक्टूबर 2025 को विकासखंड मेहंदवानी में आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र दिव्यांगजन एवं वृद्धजन का चिन्हांकन एवं परीक्षण किया जाएगा। पात्र लाभार्थियों को बैसाखी, व्हीलचेयर,मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, सामान्य ट्राइसाइकिल, वॉकर, कान की मशीन, कृत्रिम अंग, ब्लाइंड स्टिक, सुगम्य केन सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। दिव्यांगजन अपने समग्र आईडी, आधार कार्ड, आय प्रमाणपत्र अथवा बीपीएल कार्ड, दिव्यांग प्रमाणपत्र/यूडीआईडी कार्ड के साथ पंजीयन कर सकते हैं। वहीं वृद्धजन आय प्रमाणपत्र अथवा बीपीएल/नरेगा कार्ड और आधार कार्ड के साथ पंजीयन करा सकेंगे। कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायत सीईओ, नगर परिषद सीएमओ, ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, मोबिलाइजर तथा वार्ड प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को शिविरों तक पहुंचाकर योजनाओं का लाभ दिलाएं। इस पहल से जिले के दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सहायक उपकरण प्राप्त होंगे, जिससे उनके जीवन में आत्मनिर्भरता और सहजता बढ़ेगी।








