डिण्डौरी। नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्र-छात्राओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा “नशा मुक्त भारत – स्वस्थ भारत” थीम पर आधारित सेल्फी पॉइंट, जहाँ लोगों ने सेल्फी लेकर नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं ने नशा छोड़ो – जीवन जोड़ो” और व्यसन मुक्त बने युवा– सुरक्षित बने भविष्य” जैसे प्रेरक संदेशों के साथ तस्वीरें साझा कीं। इस पहल का उद्देश्य आमजन की भागीदारी को बढ़ाना और सोशल मीडिया के माध्यम से नशा विरोधी अभियान को व्यापक रूप देना रहा। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय उपसंचालक श्याम सिंगौर, मनरेगा परियोजना अधिकारी प्रदीप शुक्ला, जिला पंचायत अतिरिक्त परियोजना अधिकारी राम जीवन वर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने सेल्फी पॉइंट के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया और समाज को व्यसन मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया। वक्ताओं ने अपने उद्बोधनों में कहा कि नशे की लत समाज और परिवार दोनों को कमजोर करती है, और इससे मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहकर अपने आस-पास के लोगों को भी इस दिशा में जागरूक करें। कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने “नशा मुक्त भारत – स्वस्थ भारत” के लक्ष्य को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने का प्रण लिया।
नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम









